ग्राम पंचायत सचिव को निलंबित करने का आदेश
शामली। डीएम ने कुड़ाना गांव में निरीक्षण के दौरान विकास कार्यों में लापरवाही बरतने के मामले में ग्राम पंचायत सचिव को निलंबित करने के आदेेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि गर्भवती- महिलाएं तथा नवजात अतिकुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व एएनएम तथा चिकित्सक समय पर देखभाल करें।
मंगलवार को डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने शामली ब्लाक के कुड़ाना गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की जनसमस्याओं का निस्तारण किया। उन्होंने गांव के प्राइमरी स्कूलों में कक्षाओं में जाकर बच्चों की कक्षा में जाकर शिक्षा को परखा, तो बच्चे कमजोर पाए जाने पर शिक्षा अधिकारियों तथा अध्यापकों को नसीहत दी। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा पर अधिक से ध्यान दिया जाए। उन्होंने गांव में जर्जर तारो को एक सप्ताह में बदलने के लिए विद्युत अधिकारियों को निर्देश दिए। ग्रामीणों से बिजली का बकाया जमा करने का आह्वान किया। बैठक में जिला विकास अधिकारी बलराम कुमार , परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी, एसडी एम सुरजीत सिहं ,तहसीलदार राकेश त्यागी ,जिला पंचायत राज अधिकारी नरेश चंद , जल निगम अधिशासी अभियंता देवेंद्र कुमार जिला गन्ना अधिकारी अनिल कुमार मौजूद रहे।