शामली। बीएस अस्पताल में महिला की मौत के मामले में नामजद फार्मासिस्ट तथा स्टाफ नर्स पर विभागीय कार्रवाई के लिए संस्तुति कर दी गई है। इस बाबत सीएमओ ने सहायक निदेशक चिकित्सा सहारनपुर मंडल सहित अन्य उच्चाधिकारियों को पत्र भेज दिया है। सीएमओ विनीता अग्निहोत्री का कहना है कि मामले में उन्होंने अपने क्षेत्राधिकार के हिसाब से कार्रवाई की संस्तुति कर दी है।
19 जून को फुगाना निवासी सतेंद्र की पत्नी की शामली के बीएस अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई थी। सतेंद्र ने मामले में विनोद धामा, अनीता और उमेश चतुर्वेदी सहित दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट आदर्श मंडी थाने में दर्ज कराई थी। छानबीन में मालूम चला था कि आरोपी विनोद धामा शामली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में फार्मासिस्ट तथा अनीता स्टाफ नर्स हैं। इसके चलते सीएमओ विनीता अग्निहोत्री ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय जांच शुरू करा दी थी। शुक्रवार को इसी मामले में विनोद धामा और अनीता सहित कई लोगों के बयान दर्ज कराए गए थे, जिसके बाद शनिवार को सीएमओ ने फार्मासिस्ट विनोद धामा तथा स्टाफ नर्स अनीता के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति करते हुए सहायक निदेशक सहारनपुर मंडल सहित अन्य उच्चाधिकारियों को पत्र भेज दिया है।
सील तोड़ने पर अस्पताल संचालक को नोटिस
शामली। 20 जून की रात स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मुजफ्फरनगर मार्ग स्थित बीएस अस्पताल पर सील लगा दी थी। उसके करीब एक घंटे बाद ही सील तोड़ दी गई। इसकी जानकारी होने पर शनिवार को सीएमओ ने अस्पताल संचालक को नोटिस भिजवा दिया है। उसका जवाब तीन दिन के भीतर मांगा है।
---- वर्जन ---
मामले में हमने अपने क्षेत्राधिकार के हिसाब से कार्रवाई कर दी है। उच्चाधिकारियों को इस बारे में अवगत करा दिया गया है। उच्चाधिकारियों का जो निर्देश होगा, उस पर अमल कराया जाएगा। -- विनीता अग्निहोत्री, सीएमओ