शामली। जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में दस दिन तक लगाए गए कैंप में करीब चार हजार नए गोल्डन कार्ड बनाए गए है। इन्हें मिलाकर जिले में अब तक लगभग 41 हजार गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं।
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान) के तहत जिले में 2011 की जनगणना के आधार पर 36545 पात्र परिवारों को शामिल किया गया है। इसके तहत जिले में इन सभी परिवारों के लगभग दो लाख 15 हजार गोल्डन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित था। सीएमओ डॉक्टर संजय भटनागर ने बताया कि पिछले साल जिले में मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत जो गरीब परिवार छूट गए थे, उनका सर्वे कराया गया था। सर्वे के आधार पर आयुष्मान योजना में करीब साढ़े नौ हजार परिवार और शामिल हुए हैं। इन्हें मिलाकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री जन आरोग्य आयुष्मान योजना में परिवारों की संख्या बढ़कर करीब 46 हजार हो गई है। पात्र परिवारों की संख्या बढ़ने पर गोल्डन कार्ड बनाने का लक्ष्य भी बढ़कर करीब दो लाख 60 हजार हो गया है। गोल्डन कार्ड सभी सीएचसी और पीएचसी पर बनाने के साथ ही जनसेवा केंद्रों पर भी बनाए जा रहे हैं। विभाग ने इस महीने छह जून से 15 जून तक जिले के सभी सीएचसी और पीएचसी पर गोल्डन कार्ड बनाने के लिए विशेष कैंप लगाया। 10 दिवसीय कैंप में करीब चार हजार नए गोल्डन कार्ड बनाए गए हैं। इन्हें मिलाकर अभी तक जिले में करीब 41 हजार गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके है। जनसेवा केंद्रों पर बनाए गए गोल्डन कार्ड का डाटा अभी उपलब्ध नहीं हुआ है।
मुख्यमंत्री जन आरोग्य पत्र का वितरण आज से शुरू
शामली। सीएमओ डॉक्टर संजय भटनागर ने बताया कि आयुष्मान योजना में जुड़े नए साढ़े नौ हजार परिवारों के मुख्यमंत्री जन आरोग्य निमंत्रण पत्र बनकर तैयार हो चुके हैं। इन पत्रों के वितरण का कार्य सोमवार से शुरू हो जाएगा। गांवों में आशाओं के माध्यम से इन पत्रों को पात्र परिवारों में वितरित कराया जाएगा। पात्र परिवार इन पत्रों के माध्यम से गोल्डन कार्ड बनवा सकेंगे।