अमर उजाला ब्यूरो
शामली। क्षेत्र के गांव सिंभालका में आयोजित गोष्ठी में किसानों को गन्ना सर्वेक्षण नीति की जानकारी दी गई। इस दौरान उन्होंने खेत पर जाकर गन्ना सर्वेक्षण का निरीक्षण भी किया।
गोष्ठी में ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक उपेंद्र कुमार ने बताया कि गन्ना पेराई सत्र 2019-20 के लिए गन्ना सर्वेक्षण नीति के अनुसार सर्वे कार्य चल रहा है। सर्वेक्षण कार्य शत प्रतिशत जीपीएस से किया जाएगा और सर्वेक्षण स्लिप खेत पर ही किसान को दी जाएगी। खेत की चारों भुजाओं को नापकर सर्वे का कार्य 30 जून तक पूरा किया जाएगा। उन्होंने किसानों से अपने गन्ना क्षेत्रफल, प्रजाति, पेड़ी या पौधा, भू-अभिलेख के सत्यापन हेतु घोषणा पत्र भरकर जमा कराएं। घोषणा पत्र के साथ किसान भू-राजस्व रिकार्ड मिलान हेतु खतौनी की प्रतिलिपि, आधार कार्ड या फोटो पहचान पत्र आदि देना भी जरूरी है। सहायक परियोजना अधिकारी अरुण कुमार ने बताया क्षेत्र के सभी गांवों में सर्वे कार्य शुरू हो गया है। सभी किसान अपने खेत पर रहकर गन्ना सर्वेक्षण कार्य सही तरीके से कराएं। उन्होंने सभी गन्ना पर्यवेक्षकों से अपनी सर्किल में सर्वेक्षण कार्य कराने को कहा है। इस अवसर पर चीनी मिल के संदीप कुमार, प्रवीण कुमार, विभागीय गन्ना सर्किल पर्यवेक्षक शिवेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।