शामली और ऊन चीनी मिल का सॉफ्ट लोन मंजूर
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। जिले में तीन मिलों में से शामली और ऊन चीनी मिल का सॉफ्ट लोन बैंकों की बैठक में मंजूर हो गया है।
शासन ने किसानों के गन्ने का बकाया भुगतान अदा करने के लिए चीनी मिल सॉफ्ट लोन की सुविधाएं प्रदान की गई थी। 31 अक्तूबर तक चीनी मिलों को बैंकों में बकाया गन्ना भुगतान के संबंध में कागजात जमा करने का समय दिया गया था। जिले की शामली चीनी मिल ने डीसीबी गाजियाबाद से 130 करोड़ 57 लाख 32 हजार रुपये, ऊन मिल ने यूनियन बैंक से 93 करोड़, 58 लाख छह हजार रुपये व बजाज समूूह की चीनी मिलों ने 919 करोड़ रुपये के लिए ऋण के लिए आवेदन किए हैं। 30 नवंबर को बैंकों को चीनी मिलों को सॉफ्ट लोन दिए जाने को लेकर बैठक हुई। सरशादी लाल समूह की अपर दो आब चीनी मिल की सॉफ्ट लोन मंजूर हो गया है। शामली चीनी मिल के जीएम केन कुलदीप पिलानिया ने बताया कि शामली चीनी मिल को सॉफ्ट लोन के लिए मंजूरी मिल गई है। धनराशि मिल के खाते में आने के बाद किसानों का भुगतान समितियों के माध्यम से किया जाएगा। उधर, जिला गन्ना अधिकारी डाक्टर अनिल भारती ने बताया कि राणा समूह की ऊन चीनी मिल का भी साफ्ट लोन मंजूर हो गया है।
प्रदेश के गन्ना विकास व चीनी मिल व औद्योगिक विकास राज्यमंत्री सुरेश राणा ने बताया कि चीनी मिलों के सॉफ्ट लोन मंजूरी होने के बाद बैंकों की ओर से धनराशि मिल मालिकों के खातों में तीन चार दिन में आ जाएगी। चीनी मिलों की ओर से किसानों का बकाया भुगतान समिति के खाते में चला जाएगा।