ग्रामीण क्षेत्रों के विकास कार्यों को प्राथमिकता
अमर उजाला ब्यूरो
जलालाबाद। प्रदेश के गन्ना राज्यमंत्री सुरेश राणा ने कस्बे का भ्रमण कर डोर टू डोर जनसंपर्क किया। केंद्र और राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं और उपलब्धियों के बारे में लोगों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
इस मौके पर मंत्री ने कस्बे की जनता से सीधा संवाद करते हुए भाजपा द्वारा चलाई जा रही योजनाओं से लोगों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि थानाभवन क्षेत्र में चहुंमुखी विकास हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यमार्गों से जोड़ने का काम किया जा रहा है। इसी के तहत लुहारी संपर्क मार्ग, जलालाबाद उमरपुर मार्ग, दखौड़ी अंबेहटा मार्ग, गौसगढ लुहारी संपर्क मार्ग आदि बनकर तैयार हो चुके है। सरकार शिक्षा को लेकर गंभीर है। उनके प्रयास से उमरपुर, हसनपुर लुहारी, हऱड, थानाभवन आदि में राजकीय इंटर कॉलेज बन रहे हैं। पिछली सरकारों में बिजली की जो समस्या उत्पन्न हो गई थी, वर्तमान सरकार ने उस समस्या को दूर किया और कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में 18 से 20 घंटे विद्युत सप्लाई दी जा रही है। इस मौके पर मोहल्ला शाहगाजीपुरा में प्रधानमंत्री आवास के तहत बनाए गए आवास की चाबी राज्यमंत्री सुरेश राणा ने वृद्धा को सौंपी। इसके बाद वाल्मीकि बस्ती के पंचायत घर पर पहुंचने पर सुरेश राणा का जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद कोरी समाज के अशोक कोरी व डॉ रामभूल, पिछड़ा वर्ग के जिला उपाध्यक्ष जनेश्वर सैनी एवं प्रजापति समाज, पाल समाज, आदि ने जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर बॉबी शर्मा, राजेंद्र चेयरमैन, चकरेश राणा, जयपाल प्रधान, ठाकुर सोमवीर सिंह, ठाकुर वेद प्रकाश सिंह, डॉ रामभूल, डॉ धर्मवीर पाल, प्रवीण पाल, बबलू प्रधान, सतीश सैनी प्रधान, जसपाल राणा, अशोक कोरी, हरिओम उपाध्याय, रोहित रोड, सभासद राकेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।