पंजीठ में प्रदूषण नियंत्रण विभाग की टीम को घेरा
कैराना।
गांव पंजीठ में मावा बनाने वाली भट्ठी के कारण प्रदूषण फैलने की शिकायत पर जांच करने पहुंची प्रदूषण नियंत्रण विभाग की टीम को ग्रामीणों ने घेर लिया। जमकर हंगामा हुआ, जिस कारण टीम को वहां से किसी तरह बचकर निकलना पड़ा। बाद में आरोपी पक्ष और शिकायत करने वाले के परिवार के लोगों में मारपीट हो गई। मारपीट में दोनों पक्षों से दो युवती घायल हो गईं।
कैराना क्षेत्र के गांव पंजीठ निवासी निजाम ने एक माह पूर्व प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अधिकारियों को शिकायत करके बताया था कि उसके मकान के बराबर में मावा बनाने की दो भट्ठियां चल रही हैं, जिस कारण प्रदूषण फैलता है और उसके परिवार को परेशानी होती है।
इसके चलते सोमवार शाम मुजफ्फरनगर से प्रदूषण नियंत्रण विभाग की दो सदस्यीय टीम गांव पंजीठ पहुंची। निजाम से मुलाकात करने के बाद जैसे ही टीम ने आरोपी पक्ष के यहां पहुंचकर मावा बनाने की भट्ठियों के बारे में जांच करनी चाही, तो आरोपी पक्ष के लोगों ने घेराव कर दिया और झगड़ा करने पर आमादा हो गए। इसके चलते टीम को वहां से बचकर निकलना पड़ गया। उधर, इसके बाद शिकायतकर्ता निजाम और दूसरे पक्ष के लोगों में गालीगलौज के बाद मारपीट हो गई। जमकर लाठी डंडे चले। इसकी सूचना मिलने पर डायल 100 पुलिस मौके पर पहुंची तथा एक आरोपी को पकड़ लिया, लेकिन मौके पर इकट्ठा हुई महिलाओं ने उसे छुड़ा लिया। वहीं, मारपीट के दौरान एक पक्ष से निजाम की बेटी आसमा और दूसरे पक्ष की शबाना घायल हो गई। बाद में दोनों पक्ष कैराना कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने मारपीट में घायल दोनों युवतियों की डाक्टरी कराई। कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह ने बताया कि मारपीट के मामले में जांच की जा रही है। यदि प्रदूषण नियंत्रण विभाग की ओर से तहरीर आती है, तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।