अमर उजाला ब्यूरो
शामली। हरियाणा पुलिस की दबिश से सराफा व्यापारियों में आक्रोश है। सराफा व्यापारियों ने अपर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर हरियाणा पुलिस द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न को रोके जाने की मांग की है।
शुक्रवार को इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के तत्वावधान में शहर के सराफा व्यापारी अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार श्रीवास्तव से मिले। ज्ञापन देकर बताया कि हरियाणा पुलिस शामली शहर और जिले के सराफा व्यापारियों के यहां आए दिन दबिश देकर उत्पीड़न कर रही है। तीन दिन पहले भी हरियाणा पुलिस ने एक सराफ के यहां दबिश दी थी। हरियाणा पुलिस ने बिना किसी साक्ष्य के सराफा व्यापारी को अपने साथ ले जाने की कोशिश की थी। कुछ समय पहले भी उन्होंने पुलिस अधीक्षक और गन्ना राज्यमंत्री सुरेश राणा को भी इस मामले से अवगत कराया गया था। इसके बाद से हरियाणा पुलिस का जिले में आना बंद हो गया था। मगर, अब दोबारा हरियाणा पुलिस ने फिर से व्यापारियों के यहां दबिश देकर उत्पीड़न शुरू कर दिया है। एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्वत ने सराफा कारोबारियों को आश्वासन दिया कि इस संबंध में हरियाणा पुलिस के अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा ताकि किसी निर्दोष व्यापारी का उत्पीड़न न हो सके। ज्ञापन देने वालों में एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन सिंघल, जिला सचिव आशु गर्ग, मनीष गोयल, धनप्रकाश वर्मा, विकास चौधरी, रवि संगल, सुशील मित्तल, राजेंद्र वर्मा, अजय अग्रवाल, विकास सिंघल, अंकित मित्तल, शिवम, उपेश वर्मा आदि मौजूद रहे।