बेटियों के सम्मान में राष्ट्र का सम्मान
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। यूपी बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की जिला टॉपर सगी बहनों नेहा एवं खुशी विश्वकर्मा को वैदिक संस्कार चेतना अभियान के संयोजक आचार्य गुरुदत्त आर्य ने सम्मानित किया। आर्य ने कहा कि बेटियों ने प्रतिभा, लगन और परिश्रम से समाज एवं राष्ट्र में अपना मुकाम हासिल किया है। बेटियों का सम्मान राष्ट्र का सम्मान है।
शुक्रवार को दयानंद नगर में नेहा और खुशी के आवास पर उन्हें सम्मानित किया गया। मुजफ्फरनगर से पधारे आचार्य गुरुदत्त आर्य ने मेधावी छात्राओं को सम्मान राशि, ज्ञानवर्धक पुस्तकें और सत्यार्थ प्रकाश ग्रंथ भेंट कर आशीर्वाद दिया। आर्य ने उनकी माता पुष्पा देवी को शाल भेंट कर उनके प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीमित साधनों में भी त्याग, परिश्रम और एकाग्रता से विद्यार्थी बड़ी कामयाबी पा सकते है। नेहा और खुशी विश्वकर्मा ने अनुशासन और मेहनत से बोर्ड परीक्षा में जिले की टॉपर बन शामली का नाम प्रदेश में रोशन किया है। देश की प्रगति में बेटियां हर कदम पर आगे बढ़ रही है। इस मौके पर पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य जगदीश पांचाल ने कहा कि नेहा और खुशी की सफलता अन्य बेटियों को आगे बढ़ने को प्रेरित करेंगी। पालिका सदस्य अनिल कुमार उपाध्याय, श्री निवास, नरेश पांचाल, ओम प्रकाश, दिनेश शर्मा आदि मौजूद रहे।
शिक्षा ऋषि का किया चित्र भेंट
शामली। मेधावी छात्राओं नेहा और खुश विश्वकर्मा को शिक्षा ऋषि पद्म भूषण वीतराग स्वामी कल्याणदेव का चित्र और प्रेरक वचन भेंट किए गए। बताते चले कि सरस्वती बालिका विधा मंदिर शामली की नेहा ने हाईस्कूल परीक्षा में 94 प्रतिशत तथा उनकी बहन खुशी ने इंटरमीडिएट में 90.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में पहला स्थान पाया था।