अवैध कब्जा हटवाया
थानाभवन। जिलाधिकारी को की गई शिकायत के बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पैमाइश कराकर नेवी अफसर के खेत के पास से जा रही रजबहे की पटरी से अवैध कब्जा हटवाया।
क्षेत्र के गांव उस्मानपुर निवासी प्रवीण पुत्र कृष्णपाल नेवी में अफसर हैं। प्रवीण की वर्तमान तैनाती मुंबई में है। प्रवीण ने जिलाधिकारी को शिकायत करते हुए बताया कि उनके खेत के पास से रजबहे की पटरी होकर जा रही थी। आरोप लगाया कि पटरी के एक हिस्से पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। यहां तक कि उक्त भूमि पर फसल भी उगा रखी है। शिकायत के बाद जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग को इस मामले में जांच करते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद बुधवार को लेखपाल शैलेंद्र सिंह, सुरेशपाल शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान अधिकारियों ने भूमि की पैमाइश करते हुए पटरी पर उगाई गई फसल को कटवाकर उसे कब्जा मुक्त कराई।