स्वच्छता अभियान को स्कूल लगा रहे पलीता
ऊन। स्वच्छता अभियान को गंगारामपुर खेड़की का पूर्व माध्यमिक विद्यालय पलीता लगा रहा है। विद्यालय में सफाई न होने से विद्यालय में घास उग आई है। जिसमें मच्छर पैदा होने से बच्चों में बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। स्कूल में बच्चों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
ऊन ब्लॉक के गंगारामपुर खेड़की में पूर्व माध्यमिक विद्यालय में सफाई व्यवस्था बदहाल हैं। विद्यालय में सफाई न होने से बड़ी बड़ी झाड़ियां और घास पैदा हो गई हैं। नया सत्र चालू होने के बाद से ही विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकों और ग्राम प्रधान द्वारा स्वच्छता की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। विद्यालय के मेन गेट की दीवार टूटी हुई है। विद्यालय में शौचालय बने हुए हैं। परंतु उनका ताला बंद रहता है। विद्यालय में शौचालय के गेट पर ताला लगा रहने से बच्चों को शौच के लिए खेतों में जाना पड़ता है। विद्यालय में उपस्थित अध्यापक सचिन कुमार का कहना है कि ग्राम प्रधान द्वारा विद्यालय में सफाई कार्य की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिसके चलते विद्यालय के बच्चों को शौच के लिए इधर उधर जाना पड़ता है। इस संबंध में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों से कई बार शिकायतें की जा चुकीं है। लेकिन शिक्षा अधिकारियों द्वारा निरीक्षण भी नहीं किया गया है। बीएसए गीता वर्मा ने कहा कि विद्यालय का निरीक्षण कर प्रधानाध्यापक को सफाई कराने के संबंध में निर्देशित किया जाएगा।