कैराना। कस्बा में श्री गणेश महोत्सव धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शुक्रवार रात मोहल्ला गुंबद पर 31वें विशाल भगवती जागरण में कलाकारों ने भजनों के साथ ही देशभक्ति से ओतप्रोत गीत सुनाकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
श्री गणपति सेवा समिति की ओर से गणेश महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को सिद्धपीठ मा शाकंभरी देवी मंदिर से पदयात्रा द्वारा मां की अखंड ज्योति लेकर श्रद्धालु कैराना पहुंचे। शाम छह बजे शामली रोड पर मां की ज्योति का ढोल बाजे के साथ स्वागत व पूजा की गई। इसके पश्चात मां की अखंड ज्योति की नगर परिक्रमा निकाली गई। मोहल्ला गुंबद में जागरण स्थल पर विराजमान मां शेरा वाली की ज्योति प्रज्ज्वलित की गई। तत्पश्चात श्री गणेश जी की पूजा वंदना के उपरांत महामायी का गुणगान किया गया। विशाल जागरण में कुमार हरीश (पठानकोट), रवि चंचल (दिल्ली), आदर्श शर्मा (पलवल), रतन भारती (सोनीपत) आदि कलाकारों ने मां दुर्गा, भोलेनाथ, राधा कृष्ण आदि के भजन सुनाए। मंच संचालन हिमांशु सैनी राही कांधला व अन्त में तारा रानी की कथा राकेश उपाध्याय थानाभवन ने सुनाई। भाजपा नेता मृगांका सिंह व कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह ने मां के जागरण में पहुंचकर पूजा अर्चना की। रविवार दोपहर 2 बजे मोहल्ला गुंबद से श्री गणेश भगवान की विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। नगर परिक्रमा के पश्चात शामली स्थित पूर्वी यमुना नहर पर जाकर संपन्न होगी।