बैंक में कनेक्टिविटी गायब, ग्राहक परेशान
शामली। इंडियन बैंक शाखा में सर्वर कनेक्टिविटी गायब होने के कारण ग्राहक परेशान रहे। काफी देर इंतजार के बाद भी जब कनेक्टिविटी ठीक नहीं हुई, तो ग्राहकों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
शहर में वर्मा मार्केट स्थित इंडियन बैंक की शाखा में दो दिन से सर्वर कनेक्टिविटी गड़बड़ा रही है। इस कारण बैंक शाखा से रुपये निकालने और जमा करने के लिए पहुंचने वाले ग्राहकों को परेशान होना पड़ रहा है। बुधवार सुबह भी बैंक शाखा खुलने पर ग्राहकों को इसी परेशानी से जूझना पड़ा। ग्राहक राजबीर निवासी सिलावर और नईम शामली ने बताया कि दो दिन से जरूरी कार्य छोड़कर बैंक में कैश निकालने और जमा करने के लिए आ रहे है, लेकिन कनेक्टिविटी गायब है। ग्राहक रामलखन, अनित और देवेंद्र ने बताया कि पैसों की सख्त जरूरत थी। सुबह बैंक शाखा पर आया, लेकिन कैश नहीं मिल सका। वहीं, बैंक कर्मियों ने गेट पर बोर्ड टांग दिया, जिस पर लिखा गया कि कनेक्टिविटी ठीक नहीं होने के कारण लेनदेन बाधित है। बैंक शाखा प्रबंधक का कहना है कि मंगलवार को शाम के समय थोड़ी देर कनेक्टिविटी ठीक हुई थी। वहीं, बुधवार को भी सुबह 30 मिनट ठीक रहने के बाद सर्वर कनेक्टिविटी फिर गायब हो गई। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।