शामली। जिले में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेले आयोजित किए गए। आरोग्य मेलों में वायरल बुखार, नजला व खांसी के मरीज ज्यादा आए। सभी केंद्रों पर आयोजित आरोग्य मेलों में लगभग 1261 मरीजों की जांच कर उपचार दिया गया।
रविवार को जिले के 25 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों में सुबह से ही मरीज पहुंचने शुरू हो गए थे। चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों ने आरोग्य मेलों में पहुंचे मरीजों की जांच की और दवा का वितरण किया। मोहल्ला बरखंडी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. उदित भटनागर ने मरीजों की जांच की और दवा दी। उन्होंने बताया आरोग्य मेले में दोपहर 12 बजे तक 35 मरीज आए थे।
ज्यादातर मरीज मौसम में बदलाव के कारण वायरल, नजला व खांसी के मरीज रहे। इसके अलावा त्वचा संबंधी मरीज भी आए। मोहल्ला पंसारियान स्थित अरबन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर दोपहर साढ़े 12 बजे तक 40 मरीज आए। यहां भी नजला, बुखार व खांसी के मरीज ज्यादा रहे। गर्भवती महिलाओं की जांच कर उन्हें परामर्श व दवा का वितरण किया गया। डॉ. सादिया सदफ ने मरीजों की जांच कर उपचार दिया। सभी केंद्रों पर आयोजित आरोग्य मेलों में लगभग 1261 मरीजों की जांच कर उपचार दिया गया।