अमर उजाला ब्यूरो
शामली। नगरपालिका परिषद शामली द्वारा भवन एवं जलकर में की गई वृद्धि की आपत्तियों पर सुनवाई के पांचवें दिन करीब 210 आपत्तियों की सुनवाई का निस्तारण किया। अब तक करीब 600 आपत्तियों का निस्तारण किए जाने का पालिका ने दावा किया है। शनिवार को आपत्तियों पर सुनवाई का अंतिम दिन है।
नगरपालिका शामली ने करीब छह माह पहले भवन एवं जलकर में वृद्धि की थी। शहर के करीब 750 से अधिक लोगों ने भवन का क्षेत्रफल अधिक और किरायेदरी अधिक दर्ज किए जाने की शिकायत करते हुए पालिका में आपत्तियां दर्ज कराई थीं। पालिका ने आपत्तियों पर सुनवाई के लिए सभासद आशुतोष पंवार, मालिनी गर्ग और पूनम विश्वकर्मा की समिति गठित की। 11 मार्च से आपत्तियों पर सुनवाई और निस्तारण करने का कार्य चल रहा है। शुक्रवार को समिति ने करीब 210 आपत्तियों की सुनवाई कर निस्तारण किया गया। सभासद आशुतोष पंवार ने बताया कि अभी तक 600 से अधिक आपत्तियों का निस्तारण किया जा चुका है। शनिवार को आपत्तियों की सुनवाई और निस्तारण किए जाने का अंतिम दिन है। पालिका के सभी वार्डों की बची हुई आपत्तियों पर सुनवाई की जाएगी। 31 मार्च तक भवन एवं जलकर जमा करने वाले नागरिकों को पांच प्रतिशत की छूट दी जाएगी।