बाइक सवार युवक घायल
झिंझाना।
करनाल हाईवे स्थित काठा नदी के निकट बाइक सवार युवक को ट्रक चालक ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को झिंझाना सीएचसी पर भर्ती कराया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। आरोपी ट्रक चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बुधवार को करनाल हाईवे स्थित काठा नदी के निकट बरनवी गांव निवासी टिंकू (18) को करनाल की तरफ से आए ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रक चालक संदीप, निवासी गांव मदनुकी जिला सहारनपुर को हिरासत में लिया हुआ है।
अजीजपुर में फिर देखा किसानों ने तेंदुआ
झिंझाना। गांव अजीजपुर में बुधवार को फिर तेंदुए को जंगल में देखकर ग्रामीणों में दहशत व्याप्त हो गई। दहशत के कारण किसानों ने अकेले खेतों पर जाना छोड़ दिया है। वन रेंज अधिकारी योगेश शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार को गांव के जंगलों में कटघरा लगाकर व टोली बनाकर तेंदुए को घेरने का प्रयास किया जाएगा।
गांव अजीजपुर में मंगलवार सुबह जंगलों में तेंदुए को देखकर ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई थी। पूर्व प्रधान द्वारा वन विभाग के अधिकारियों को सूचना भी दी गई थी। हालांकि अभी तक विभाग द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गई। वहीं, बुधवार को भी ग्रामीणों ने जंगल में तेंदुआ देखा, जिससे दहशत बरकरार है। ग्रामीणों ने बताया कि रात में पशुओं के पास घेर में भी रोशनी कर जागना पड़ रहा है। बच्चों को घरों से निकलने पर पाबंदी लगा दी गई है।
लापता महिला पंजाब से मिली
झिंझाना। गांव से लापता महिला को पुलिस ने पंजाब से बरामद कर लिया। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया है। गांव निवासी पीड़ित ने थाना झिंझाना में पांच दिन पूर्व रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप लगाया था कि उनकी टेलरिंग की दुकान पर सिलाई सीखने वाला आरोपी उसकी पत्नी को बहला फुसलाकर अगवा करके ले गया है। इस मामले को लेकर हिंदू संगठन और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को ही पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन किया था। उधर, मंगलवार रात मे झिंझाना थाना पुलिस ने आरोपी तथा महिला को पंजाब से बरामद कर लिया। दोनों को पुलिस झिंझाना ले आई। फिर मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराने के बाद महिला को उसके पति के सुपुर्द कर दिया, जबकि आरोपी युवक को जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी साजिद को कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया गया है।