दो निजी अस्पताल सहित 12 बूथों पर आज लगेगी वैक्सीन
शामली। जिले में कोरोना के खिलाफ चल रहे टीकाकरण में बृहस्पतिवार को 12 बूथों पर 1266 फ्रंट लाइन वर्कर को टीका लगाया जाएगा। इस बार दो निजी अस्पताल में भी एक-एक बूथ बनाया गया है।
बृहस्पतिवार को जिले में 12 बूथ पर टीकाकरण किया जाएगा। इन बूथों पर 1266 फ्रंट लाइन वर्कर को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरके सागर ने बताया कि सीएचसी कैराना, थानाभवन, ऊन में दो-दो बूथ, सीएचसी शामली में एक बूथ, जिला अस्पताल में तीन बूथ बनाए गए हैं। इसके अलावा इस बार शहर के दो निजी अस्पताल मां सावित्री अस्पताल और सृष्टि अस्पताल में भी एक-एक बूथ बनाया गया है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को जिले में नौ बूथ पर टीकाकरण होगा। इस दिन का लक्ष्य 1125 फ्रंटलाइन वर्कर को टीका लगाने का रखा गया है। इस दिन सीएचसी कैराना में दो बूथ, कांधला और शामली सीएचसी में एक-एक, जिला अस्पताल में तीन बूथ बनाए गए हैं। इनके अलावा मां सावित्री और सृष्टि अस्पताल में एक-एक बूथ पर टीकाकरण किया जाएगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी आरके सागर ने बताया कि टीकाकरण की तैयारी पूरी कर ली गई है।