शामली। दिल्ली के रोहिणी इलाके में प्लाट का फर्जी दस्तावेज के आधार पर बैनामा करने के प्रकरण में दिल्ली पुलिस की टीम ने गांव लिलौन में दबिश देकर ग्रामीण को हिरासत में ले लिया और उसे अपने साथ ले गई। बुधवार को दिल्ली के बुद्ध विहार थाने के एसआई सुधीर कुमार पुलिस टीम के साथ कोतवाली पहुंचे। उन्होंने कोतवाली पुलिस को बताया कि रोहिणी इलाके में 100 गज के प्लाट का फर्जी तरीके से बैनामा करने की शिकायत मिली है। धोखाधड़ी के मामले में प्लाट खरीदने वाला एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है जो शामली जिले के गांव ऐरटी का निवासी बताया गया है। आरोपी ने बताया कि उसने गांव लिलौन निवासी एक व्यक्ति से वह प्लाट खरीदा था। दिल्ली पुलिस ने कोतवाली पुलिस के सहयोग से लिलौन से आरोपी व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी ने बताया कि गांव लिलौन निवासी व्यक्ति को अपने साथ दिल्ली पुलिस ले गई।