जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। कौशल विकास योजना के तहत कार्य कर रहीं युवतियों ने जिलाधिकारी को शिकायत करते हुए पिछले चार माह से मानदेय नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
बृहस्पतिवार को शहर तथा आसपास क्षेत्र की युवतियों ने कलक्ट्रेट में डीएम को ज्ञापन देकर बताया कि वह शहर में ही कौशल विकास योजना के तहत एक इंश्योरेंस कार्यक्रम के तहत काम कर रही हैं। उन्होंने दो महीने की ट्रेनिंग दी थी और अगले दो माह तक उन्हें कोई टारगेट नहीं दिया गया। जब उन्होंने मानदेय मांगा तो मैनेजर ने ऑफिस में आना ही बंद कर दिया। जब उन्होंने मुख्य कार्यालय में बात की तो उन्हें 12 नवंबर तक मानदेय देने का आश्वासन दिया गया। बताया कि जब वह बात करते हैं तो उनके साथ अभद्र व्यवहार होता है। उन्हें ऑफिस में भी जाने नहीं दिया जा रहा। पीड़ितों ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। जिलाधिकारी ने युवतियों को कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान मेघा, काजल, मीनू, पारूल, पूजा, प्रतिमा, कोमल, पायल, मीरा, देवेंद्र, मोहित, रविंद्र, ललित, बरखा, शिवानी आदि मौजूद रहे।