ईंट भट्टा निर्माता एसोसिएशन करेगी सम्मान समारोह
शामली। ईंट भट्टा निर्माताओं की ओर से 17 मार्च को गन्ना विकास राज्यमंत्री सुरेश राणा, मेरठ के सांसद राजेंद्र अग्रवाल और ईंट भट्टा निर्माता एसोसिएशन के पदाधिकारियों का सम्मान समारोह किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को शामली में हनुमान धाम के निकट रेस्टोरेंट पर प्रेसवार्ता के दौरान शामली ईंट भट्टा निर्माता एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र मलिक ने बताया कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से ईंट भट्ठों को फ्लाईएश से छूट दिलाने में गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा, मेरठ से भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल सहित एसोसिएशन के प्रदेश और राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने अहम भूमिका निभाई। इसके चलते ईंट भट्ठे के संचालन में मदद मिली है। जून माह तक फ्लाईऐश की बाध्यता समाप्त हो गई तथा जिगजैग तकनीक को लेकर छूट मिल गई है। इससे वेस्ट यूपी के तमाम ईंट भट्टा संचालकों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने बताया कि सम्मान समारोह कार्यक्रम 17 मार्च को कैराना रोड स्थित होटल में होगा। कार्यक्रम में एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल, पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष ओमबीर भाटी, कोषाध्यक्ष जयकरण गुप्ता, ऑल इंडिया कोषाध्यक्ष मनीष गुप्ता, विधि सलाहकार संजीव चौधरी और मेरठ से देवेंद्र सिंह तथा बागपत से विनोद सिंह को सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान जिला महामंत्री सुनील गोयल, कोषाध्यक्ष हरेंद्र सिंह और उपाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार शर्मा मौजूद रहे।