खेल के मैदान से अवैध कब्जा हटवाने की मांग
शामली।
दिल्ली रोड स्थित गांव लिलौन के लोगों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर बताया कि गांव में खेल के मैदान की जमीन पर एक व्यक्ति ने अवैध कब्जा कर रखा है। उनकी मांग है कि मामले में निष्पक्ष जांच कराकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कराई जाए।
बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट पहुंचे लिलौन गांव के राजकुमार, जयवीर सिंह, सतेंद्र, सोहनपाल, बहादुर सिंह, राणबीर शास्त्री और बाबूराम ने जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह को शिकायत पत्र दिया। उसमें बताया कि गांव में खेल के मैदान की जमीन पर एक व्यक्ति ने अवैध कब्जा किया हुआ है। पूर्व में इसकी शिकायत करने पर राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर जाकर पैमाइश की थी तथा अवैध कब्जा करने वाले पर जुर्माना लगाया था, जिसके बाद यह मामला तहसीलदार न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने बताया कि अवैध कब्जा करने वाले ने पुलिस को झूठी तहरीर देकर गांव के पांच लोगों पर तीन लाख रुपये मांगने का आरोप लगा दिया। इसके बाद पुलिस भी जांच करने गांव में पहुंची। उनकी मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर पांचों ग्रामीणों को झूठे मुकदमे से बचाया जाए तथा खेल के मैदान से अवैध कब्जा हटवाया जाए। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।