शामली। जिले के सभी 25 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्राें पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों में 1150 मरीजों की जांच कर उपचार दिया गया। आरोग्य मेले में वायरल बुखार, नजला व खांसी के मरीज ज्यादा आए।
रविवार को आयोजित आरोग्य मेले में मरीजों की चिकित्सकों ने जांच कर उपचार दिया। सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों की जांच की। शहर के मोहल्ला बरखंडी स्थित अरबन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. उदित भटनागर ने मरीजों की जांच की। दोपहर 12 बजे तक करीब 33 मरीज आए थे। चिकित्सक ने बताया कि ज्यादातर मरीज नजला, खांसी व वायरल बुखार के आए। मौसम में बदलाव की वजह से वायरल के मरीज बढ़े है।
मोहल्ला पंसारियान स्थित अरबन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक ने मरीजों की जांच कर दवा दी। यहां पर भी नजला, खांसी व बुखार के मरीज ज्यादा आए। इसके अलावा त्वचा, पेट संबंधी मरीज भी रहे। आरोग्य मेलों में गर्भवती महिलाओं की जांच कर उन्हें परामर्श दिया गया।