आधार से मेल नहीं खाते लाखों उपभोक्ताओं के राशन कार्ड में नाम
आपूर्ति विभाग ने सुधार के लिए दिया 31 मार्च तक का समय
अमर उजाला ब्यूरो
शामली/थानाभवन। जिले के दो लाख 27 हजार राशन कार्डों में दर्ज नौ लाख 11 हजार उपभोक्ता यूनिट में से दो लाख लोगों के नाम राशन कार्ड व आधार कार्ड में अलग-अलग दर्ज हैं। मामला सामने आने के बाद आपूर्ति विभाग ने इन लोगों को अपने नाम दुरुस्त कराने के लिए 31 मार्च तक का समय दिया है। इस अवधि तक राशन कार्ड में अपने नाम ठीक न कराने वाले उपभोक्ताओं के राशन पर रोक लगा दी जाएगी।
फिलहाल जिले में खाद्य सुरक्षा और अंत्योदय के कुल दो लाख 27 हजार 402 राशन कार्ड हैं। इन कार्डों में नौ लाख 11 हजार 88 उपभोक्ताओं के नाम दर्ज है। चूंकि केंद्र सरकार के आपूर्ति विभाग को साफ निर्देश है कि शीघ्र ही राशन कार्ड में दर्ज सभी उपभोक्ताओं के आधार कार्ड ऑनलाइन किए जाएं। इसके बाद अधिकारी अब उपभोक्ताओं की आधार फिडिंग करने में जुटे हैं। इस दौरान विभाग की जांच में सामने आया है कि राशन कार्डों में दर्ज करीब नौ लाख लोगों में से दो लाख उपभोक्ताओं के नाम ऐसे हैं, जिनके आधार कार्ड व राशन कार्ड में दर्ज नाम एक दूसरे से मेल नहीं खाते। इस पर अब अधिकारियों ने राशन डीलरों के माध्यम से इन उपभोक्ताओं से कहा है कि वह जनसेवा केंद्र पर पहुंचकर अपने आधार कार्ड में नाम दुरुस्त करा लें। नाम ठीक होने के बाद उपभोक्ता को आधार कार्ड अपने राशन डीलर के पास जमा करना होगा। विभाग ने साफ किया है कि सभी उपभोक्ता आधार कार्ड के नाम ठीक कराकर 31 मार्च तक आपूर्ति विभाग को सूचित कर दें। जो उपभोक्ता ऐसा नहीं करेंगे, उनके राशन पर रोक लगा दी जाएगी।
आधार जमा होते ही मिलेगा राशन
विभाग ने साफ किया है कि मार्च के बाद जब भी उपभोक्ता अपने आधार कार्ड को जमा करेंगे, तभी से उन उपभोक्ताओं को राशन आवंटित करना शुरू कर दिया जाएगा।
जिले की स्थिति
जिले में कुल राशन कार्ड-227402
राशन कार्ड में कुल यूनिट-911088
कुल लोगों के गलत नाम-200000
------------------------
करीब दो लाख उपभोक्ताओं के आधार कार्ड व राशन कार्ड में अलग-अलग है। इन उपभोक्ताओं को नाम ठीक कराने के लिए 31 मार्च तक का समय दिया गया है, जो उपभोक्ता नाम ठीक नहीं कराएंगे, उनके राशन पर रोक लगा दी जाएगी।--वैशाली अहलावत, पूर्ति निरीक्षक