माध्यमिक स्कूलों में प्रबंध समितियों के चुनाव की तैयारी शुरू
शामली। माध्यमिक स्कूल, कॉलेजों में प्रबंध समिति के चुनाव को लेकर डीआईओएस कार्यालय में तैयारियां प्रारंभ हो गई है। डीआईओएस ने सभी स्कूल, कॉलेजों में पत्र भेजकर कहा है कि जिन विद्यालयों में कार्यकाल पूरा हो चुका है, वह चुनाव करा सकते हैं। ऐसे स्कूलों को सदस्य सूची और चुनाव अधिकारियों के नाम भेजने के निर्देश दिए।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में स्कूल, कॉलेजों में होने वाले प्रबंध समितियों के चुुनाव को लेकर तैयारियां चल रही है। डीआईओएस अनुराधा शर्मा ने बताया कि सभी स्कूल, कॉलेजों में प्रबंध समितियों के चुनाव का कार्यकाल अलग-अलग होता है। यह कार्यकाल कहीं पांच वर्ष तो कहीं तीन वर्ष है। जिसके चलते सभी स्कूल, कॉलेजों को पत्र भेजा गया है कि अगर कहीं भी कार्यकाल पूरा हो गया है तो वह चुनाव करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि जनपद में 30 एडेड स्कूल, कॉलेज हैं, जिनमें डीएवी ऊन, महर्षि कश्यप इंटर कॉलेज नाला, दिगंबर जैन कैराना, गुुुुरुकुल भैंसवाल, कृष्णा विद्या मंदिर काबड़ौत, जनता इंटर कॉलेज लिसाढ़ व मालैंडी और पिंडौंरा के स्कूल, कॉलेजों में कोर्ट मामले और समितियों में विवाद चल रहा है, जिस कारण सभी में एकल संचालक और प्रबंध संचालक लगे हुए हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे सभी स्कूल, कॉलेजों में कोर्ट से निर्णय और सुनवाई के बाद निपटारा होने के बाद ही चुनाव कराया जाएगा। इनके अलावा किसी भी स्कूल, कॉलेज में कार्यकाल समाप्त हुआ है तो सूची आने के बाद चुनाव करा दिया जाएगा।