बाबरी क्षेत्र में शांतिपूर्ण हुआ मतदान
बाबरी। क्षेत्र के सभी गांवों में मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया और मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान शामली की जिला पंचायत अध्यक्षा संतोष देवी ने गांव कासमपुर में पहुंचकर लाइन में लग अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
सोमवार को मतदान बिना पर्ची के मतदान करने पहुंची जिला पंचायत अध्यक्षा संतोष देवी को पुलिस फोर्स ने लाइन से बाहर कर दिया। संतोष देवी फरीदाबाद से आने का हवाला देती रही। बाद में घर से उनके पति प्रसन्न चौधरी के छोटे भाई प्रवीण कुमार पर्ची लेकर मतदान केंद्र पर पहुंचे। उसके बाद ही वह मतदान कर सकी। वहीं, प्रसन्न चौधरी की मां करतारी देवी को भी पर्ची के इंतजार में बैठना पड़ा। भनेड़ा जट में बूथ संख्या 329 पर ईवीएम मशीन खराब होने के चलते सेक्टर मजिस्ट्रेट रवि कुमार ने फोन कर दूसरी मशीन मंगवाकर बाधित मतदान को शुरू कराया। वहीं, करौंदा हाथी के बूथ संख्या 316 पर ईवीएम खराब होने पर हंगामा हुआ। बाद में सेक्टर मजिस्ट्रेट डॉक्टर विशाल कुमार ने मशीन ठीक कराई और मतदान शुरू हुआ। हिरनवाड़ा में गन्ना राज्य मंत्री के भाई बिल्लू राणा ने ने हिरनवाड़ा ,भदौड़ा, बाबरी में पहुंच मतदान का जायजा लिया। बाबरी निवासी जिला पंचायत सदस्य अनिल टीनू ने भी प्राथमिक विद्यालय में पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बाबरी क्षेत्र में चिलचिलाती धूप व अत्यधिक तापमान के चलते मतदाताओं ने मतदान में कम दिलचस्पी दिखाते हुए शाम तक 47 प्रतिशत मतदान ही किया। जबकि क्षेत्र के कुछ गांवों में मतदान 60 प्रतिशत तक हुआ। बाबरी थाना अध्यक्ष पंकज गौतम ने बाबरी क्षेत्र में मयफोर्स के बूथों पर कड़ाई से निगरानी रखी।