कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन की तैयारियां तेज हो गई हैं। एसटी तिराहा से बनत की तरफ सड़क किनारे पथ प्रकाश के लिए बल्लियां लगा दी गई हैं। साथ ही ट्रांसफार्मरों को भी बल्लियों की बेरीकेडिंग से कवर करा दिया गया है, ताकि कोई अप्रिय घटना न होने पाए। वहीं, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों को अब मुजफ्फरनगर और बिजनौर जाने के लिए शामली से वाया थानाभवन की तरफ से निकाला जाएगा।
10 जुलाई से कांवड़ियों का आगमन शुरू हो जाएगा। बड़ी संख्या में कांवड़ियों के आने के कारण शामली मुजफ्फरनगर मार्ग पर एक साइड सुरक्षित कर दी जाती है। महाशिवरात्रि 21 जुलाई को है, जिसके चलते इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही भी बंद हो जाएगी। इसी सिलसिले में शुक्रवार को कांवड़ यात्रा मार्ग पर एसटी तिराहा से बनत नगर पंचायत कृष्णा नदी पुल तक सड़क के बाई तरफ बल्लियां लगा दी गईं। उनके जरिये पथ प्रकाश की व्यवस्था होगी, ताकि रात में भी श्रद्धालु कांवड़ियों को वहां से गुजरने में किसी तरह की दिक्कत न उठानी पड़ेगी। इसके अलावा कांवड़ यात्रा मार्ग पर सड़क किनारे जितने भी ट्रांसफार्मर लगे हैं, उन्हें भी बल्लियों की बेरीकेडिंग से कवर कर दिया गया है। ताकि रात में ट्रांसफार्मर के कारण कोई हादसा न होने पाए।
जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर सभी प्रकार की व्यवस्था समय से दुरुस्त कर ली जाएंगी। विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी निर्धारित कर दी गई हैं। यदि उसमें कोई लापरवाही की जाती है, तो संबंधित विभाग के अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वाया थानाभवन होकर निकलेंगी बसें
शामली। अपर जिलाधिकारी शिव बहादुर सिंह ने उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक से रोडवेज बसों के संचालन को लेकर वार्ता की। उसमें कहा गया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर बसों का परिवहन नहीं होना चाहिए और वैकल्पिक मार्ग से संचालन कराया जाए। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि कैराना-मुजफ्फरनगर-बिजनौर को जाने वाली बसों का संचालन कैराना से शामली वाया थानाभवन होते हुए चरथावल-रोहाना-मुजफ्फरनगर से बिजनौर की तरफ रहेगा। इसको लेकर योजना तैयार कर ली गई है। ताकि कांवड़ यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पडे़। वहीं, नए रूट के हिसाब से ईटीएम (इलेक्ट्रानिक टिकट मशीन) में किराया भी फीड करा दिया गया है।
कैराना यमुना पुल पर कंट्रोल रूम
पानीपत रोड पर कैराना क्षेत्र में यमुना पुल पर कंट्रोल रूम खुलेगा, जिसके प्रभारी जयपाल सिंह सहायक अभियंता ड्रेनेज खंड रहेंगे। कंट्रोल रूम में ड्रेनेज खंड से दो सींचपाल, राजस्व विभाग से दो लेखपाल, सिंचाई विभाग से दो अवर अभियंता, जिला पंचायत से दो अवर अभियंता तथा नगर निकाय से दो कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। कंट्रोल रूम पर आठ आठ घंटे की शिफ्ट में ड्यूटी रहेगी। एक शिफ्ट में पांच कर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा सुरक्षा के लिहाज से पुलिस और गोताखोरों की व्यवस्था रहेगी। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने कंट्रोल रूम में कर्मियों की तैनाती कर दी है।