ईद-उल-फितर का त्योहार नगर व क्षेत्र मेेें हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। एक दूसरे कोे गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। सुबह मस्जिदों में नमाज अदा करने के बाद हजारों अकीदतमंदों ने ईदगाह पर ईद की नमाज अदा कर तरक्की के साथ दुनिया में अमन चैन की दुआ मांगी।
रविवार शाम चांद दिखाई देने के साथ ही नगर में आतिशबाजी कर लोगों ने खुशियों का इजहार किया। नगर के बाजारों में भीड़ रही। खरीदारी के चलते बाजार देर रात तक बाजार रोशन रहे। सोमवार सुबह लोग नये कपडे़ पहनकर ईदगाह पर पहुंचें। साढे़ सात बजे खानकाह इमदादिया अशरफिया में, साढे़ आठ बजे अशरफ उल उलूम मदरसा में, आठ बजे जामिया अशरफिया मदरसे में नमाज अदा की गई। ईदगाह में ईद की नमाज नौ बजे हुई। ईदगाह की नमाज मुफ्ती मुजफ्फर हुसैन सहारनपुर ने अदा कराई। नमाज के बाद मुल्क की तरक्की और अमन चैन की दुआ मांगी। लोगों ने एक दूसरे के गले मिलकर ईद की बधाई दी।
पूर्व चेयरमैन इंतजार अजीज के आवास पर ईद मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें पूर्व बसपा जिलाध्यक्ष अरविंद झाल, विधानसभा अध्यक्ष रामकुमार, नगराध्यक्ष धर्मपाल सहित कस्बे, ग्रामीण क्षेत्रों से आए सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर एक दूसरे को ईद की बधाई दी। कार्यक्रम में नगर में वर्षों से बने हिंदू, मुस्लिमों भाईचारा दिखाई दिया। इमरान, अरशद जमाल आदि के आवास पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। उधर, गांव कैड़ी में पूर्व विधायक राव अब्दुल वारिस के आवास पर ईद मिलन कार्यक्रम हुआ। उसमें कस्बा थानाभवन के साथ ही आसपास गांवों से पहुंचे लोगों ने शीर और पकवान खाकर ईद की बधाई। इस दौरान राव मुशर्रत बेगम, राव अब्दुल वारिस सहित अन्य लोगों ने सभी को ईद की बधाई दी।