अमर उजाला ब्यूरो
शामली। यूथ शूटिंग स्पोर्ट्स एकेडमी की ओर से वेदांतम पब्लिक स्कूल में आयोजित निशानेबाजी प्रतियोगिता में तीसरे दिन शिवम राणा और अजय मलिक ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए बढ़त बनाए रखी।
मंगलवार को प्रतियोगिता के तीसरे दिन बड़ौत से पहुंचे अंतरराष्ट्रीय शूटर दिग्विजय मलिक ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले निशानेबाजों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि लगातार अभ्यास करते रहना चाहिए। कभी भी हताश नहीं होना चाहिए। निरंतर कोशिश करने वालों को ही सफलता मिलती है। क्रीड़ा भारती के जिला संयोजक मुकेश चौधरी ने निशानेबाजों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सही प्रेरणा और सार्थक मन से ही सही दिशा में की गई कोशिश कभी विफल नहीं होती। इसलिए जीवन में सफलता के लिए सकारात्मक सोच होना आवश्यक है। प्रतियोगिता के तीसरे दिन के घोषित परिणाम में 10 मीटर एयर पिस्टल आईएसएसएफ वर्ग में शिवम राणा ने 570 अंक प्राप्त कर बढ़त बनाई। इसी तहर 10 मीटर एयर रायफल में अजय मलिक ने 595 अंकों के साथ बढ़त बनाई। इस अवसर पर कोच गौरव मलिक, सहदीप मलिक, कुलदीप, अंकर मान, उज्ज्वल, आयुष निर्वाल, हरविजय राणा, विराट, संदीप, विक्रांत, मुकुल और अक्षय आदि मौजूद रहे।