शाहजहांपुर में होने वाले युवा महोत्सव को लेकर वार्ता करते क्रिएटिव आर्ट ग्रुप के पदाधिकारी । सं?
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। शाहजहांपुर युवा महोत्सव-2021 का आयोजन 14 से 16 जनवरी तक किया जाएगा। इस दौरान रोजाना विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। यह जानकारी एक प्रेसवार्ता में प्रबंध निदेशक नरेंद्र सक्सेना ने दी। कार्यक्रम गांधी भवन प्रेक्षागृह में होगा। महोत्सव की अध्यक्षता वित्त, संसदीय कार्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश कुमार खन्ना करेंगे।
क्रिएटिव आर्ट ग्रुप के मुख्य संरक्षक हरिशरण वाजपेयी व अध्यक्ष सचिन बाथम ने बताया कि महोत्सव के तहत तीन दिनों तक विभिन्न कलाओं से जुड़े कलाकारों को आमंत्रित किया है। विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं व वरुण अर्जुन मेडिकल कालेज के सहयोग से मेडिकल कैंप का आयोजन दिया जाएगा। महोत्सव के शुभारंभ के अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। पहले दिन बॉलीवुड के प्लेबैक सिंगर संतोष तिवारी प्रस्तुति देंगे। दिल्ली की कथक नृत्यांगना गरिमा आर्या का कार्यक्रम होगा। दिव्यांगों के हितार्थ दिव्यांग समारोह एवं निशुल्क कंबल एवं भोजन वितरण का कार्यक्रम होगा।
दूसरे दिन किड्स माडलिंग, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, मिस्टर एंड मिस यूपी शाइनिंग स्टार (मॉडलिंग कंपटीशन) एवं म्यूजिकल नाइट एक शाम लीजेंड सिंगर्स के नाम (मुकेश नाइट) का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के तीसरे दिन किशोर अवार्ड 2021 (सीजन 13) एवं लखनऊ के पराक्रम बैंड का स्पेशल प्रोग्राम आयोजित किया जाएगा। तीसरे दिन अटल रत्न सम्मान 2021 प्रदान दिया जाएगा। इस दौरान अजय गुप्ता, अंशुमान मैसी, जसमीत साहनी, शमा जैदी, शशांक कौशिक, प्रदीप अग्रवाल, विपिन अग्रवाल, सुरेंद्र सिंह सेठ, रामू स्वामी, रागिनी श्रीवास्तव, काजल यादव, डॉ. कीर्ति शर्मा, रजी अंसारी, प्रायुष हयूमन, नवलकिशोर, अखिल गुप्ता कप्तान कर्णधार, रामजी राजावत सहित महोत्सव आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।