शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला बारादरी निवासी 38 वर्षीय मोहम्मद साजिद की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। रविवार सुबह उनका शव ईदगाह स्थित छोटा खुत्बा के पास तालाब में पड़ा मिला। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, युवक की मौत डूबने से ही हुई है।
मृतक के भाई मोहम्मद राशिद ने बताया कि भाई साजिद शनिवार रात घर नहीं आए तो परिजनों को उनकी चिंता हुई। मोहल्ले व रिश्तेदारियों में उनकी तलाश की गई, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। रविवार की सुबह भाई छोटे खुत्बे के पीछे तालाब में पड़ा मिला। लोगों की सूचना पर मौके पर गए। सांस होने की आस में भाई को राजकीय मेडिकल काॅलेज ले गए। वहां डॉक्टर ने चेकअप कर मृत घोषित कर दिया। बताया कि उनके भाई की किसी से दुश्मनी नहीं थी।
परिजनों के अनुसार, साजिद पांच भाइयों में चौथे नंबर पर थे। पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी नेहा गुमसुम हो गई है। बेटे की जिम्मेदारी मां के कंधों पर आ गई है। इंस्पेक्टर ब्रजेश सिंह ने बताया कि साजिद मेडिकल स्टोर में नौकरी करते थे। परिजन शव का पोस्टमॉर्टम कराने से मना कर रहे थे, लेकिन समझा बुझाकर शव का पोस्टमॉर्टम करा दिया गया है।