गांव मुड़िया कुर्मियात के अजीत का फाइल फोटो
- फोटो : POWAYAN
पुवायां। गांव मुड़िया कुर्मियात निवासी 20 वर्षीय अजीत कुमार की छत से गिरकर मौत हो गई। अजीत का मंगलवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जानकारी से इन्कार किया है।
अजीत के परिजन ने बताया कि सोमवार रात अजीत खाना खाने के बाद छत पर लेटने गए थे। इस बीच छज्जे की कुछ ईंटे टूट कर गिर पड़ी और अजीत भी छत से नीचे पक्के रोड पर गिर गए। आवाज सुनकर परिवार के लोग बाहर आए तो अजीत को लहूलुहान पड़े देखा। इसके बाद अजीत को पुवायां के निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर ने अजीत को मृत घोषित कर दिया, लेकिन इसके बाद भी परिवार के लोग अजीत को चिनौर के एक नर्सिंगहोम ले गए। वहां भी अजीत को मृत घोषित कर दिया गया।
इसके बाद परिवार के लोग शव को घर ले आए। मंगलवार को अजीत का अंतिम संस्कार कर दिया गया। अजीत पांच भाई बहनों में दूसरे नंबर का था। अजीत की मौत से पिता दिवारीलाल, मां देवसुती, भाई प्रेम कुमार, बाबी, बहन आरती देवी, मौसम देवी का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की जानकारी से इन्कार किया है।