शाहजहांपुर के बंडा क्षेत्र में ससुराल से संबंध बिगड़ने के बाद प्रेमी से निकाह कराने की जिद पर अड़ी युवती की मां ने आरोपी युवक इकरान, उसके पिता सुल्तान, भाई सरफराज और आरोपी के रिश्तेदार बताए गए नगर पंचायत के चेयरमैन मोहम्मद इशहाक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एक मोहल्ले की युवती का निकाह तीन वर्ष पहले पीलीभीत जिले के पूरनपुर क्षेत्र के एक गांव में हुआ था। युवती का इकरान से प्रेम प्रसंग जारी रहा। इसकी जानकारी मिलने पर युवती को ससुराल वालों ने मायके भेज दिया और दोनों परिवारों में फूट पड़ गई। इस बीच गर्भवती हुई युवती ने प्रेमी से निकाह करने के लिए कहा।
तीन दिन तक प्रेमी के दरवाजे पर बैठी रही युवती
आरोपी युवक इसके लिए तैयार नहीं हुआ और घर छोड़कर भाग गया। 31 मार्च को युवती प्रेमी के घर जा पहुंची। इस पर युवक के घरवाले उसे बाहर निकालकर और मेन गेट पर ताला डालकर कहीं चले गए। तीन दिन तक प्रेमी के दरवाजे पर बैठी रही युवती पुलिस के समझाने पर चौथे दिन थाने पहुंची। उसने कार्रवाई की मांग की तो पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। इसी दौरान युवती की मां ने थाने में तहरीर देकर युवक समेत चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज करा दी।
नगर पंचायत के अध्यक्ष ने बताया साजिश
वहीं, मामले में नामजद कराए गए नगर पंचायत के अध्यक्ष का कहना है कि राजनीतिक दुर्भावना के तहत इस मामले में उन्हें नामजद कराया गया, जबकि उनका युवती और आरोपी युवक से कोई लेना-देना नहीं है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद कई बार बुलाने पर भी युवती की मां थाने नहीं आई। इस कारण उसके बयान दर्ज नहीं हो पा रहे हैं। उनका कहना है कि युवती की मां के बयान दर्ज होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।