शाहजहांपुर। थाना कांट क्षेत्र के मोहल्ला तकिया निवासी शबाना ने महिला थाने में अपने दामाद सैय्यद आफाक हुसैन समेत आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उन्होंने बताया कि बेटी शाफिया हुसैन का निकाह 28 अप्रैल 2024 को मोहल्ले के सैय्यद आफाक हुसैन से किया था। निकाह के बाद दामाद व उसके परिवार वाले एसी व कार की मांग करते हुए झगड़ा करने लगे। नाराज होकर बेटी को बिना विदा कराए चले गए। रिश्तेदारों के दबाव बनाने पर करीब एक साल बाद बेटी को ले गए।
आरोप लगाया कि बेटी से गाली-गलौज करते हुए नौकरों की तरह काम कराते थे। उसके साथ मारपीट करते थे। एसी और कार न देने पर मारने की धमकी देते थे। 19 अप्रैल 2026 को बेटी ने कॉल कर बताया था कि पति व ससुरालियों ने मारने की धमकी दी है। तुरंत पति के साथ बेटी की ससुराल गए। दामाद व उसके घरवालों ने घर में घुसने नहीं दिया। बेटी के बाल पकड़कर घसीटते हुए घर से निकाल दिया। आफाक ने तीन बार तलाक कहा। दूसरी शादी करने की धमकी दी। सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। संवाद