शाहजहांपुर। थाना सिंधौली क्षेत्र के गंधरपुर गांव में शनिवार दोपहर खेत में मृत मिली रेखा के परिजनों ने दो युवकों पर हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। सोमवार सुबह पुलिस सुरक्षा में हुए अंतिम संस्कार के बाद युवती के पिता अवधेश ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर आरोप लगाया कि बेटी की गला दबाकर हत्या की गई है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस हत्या के एंगल पर भी जांच कर रही है।
मृतका के पिता अवधेश ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि 20 जून की रात करीब 11:30 बजे बेटी घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। परिजनों के साथ बेटी की रिश्तेदारियों व अन्य जगहों पर खोजबीन की, लेकिन बेटी का कोई सुराग नहीं लगा। रविवार की शाम पुलिस ने सूचना दी कि रेखा का शव गंधरपुर गांव के पास एक गन्ने के खेत में पड़ा है।
पुलिस की सूचना पर मौके पर गए। देखा कि हालात बेटी की हत्या की ओर इशारा कर रहे थे। बेटी की गर्दन दबाकर क्रूरतापूर्वक हत्या की गई थी। साथ ही साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को गन्ने के खेत में छिपा दिया गया था। अवधेश ने बताया कि बेटी के लापता होने से पूर्व उन्हें जानकारी मिली थी कि बेटी चोरी-छिपे एक मोबाइल फोन रखती थी और दो युवकों से बात करती थी।
शक है कि उन्हीं दोनों युवकों ने बेटी को बहला-फुसलाकर बुलाया और उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि एक युवक गांव का ही रहने वाला है और दूसरा थाना रोजा क्षेत्र के चकभिटारा गांव का रहने वाला है। फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
युवकों से पूछताछ करेगी पुलिस
युवती की पहचान होने के बाद पिता के तहरीर देने पर मामले में कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस सवालों का जवाब तलाशने में जुट गई है। आरोप के आधार पर पुलिस उन दोनों युवकों को पूछताछ के लिए बुलाएगी। बता दें कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में युवती की मौत की वजह हैंगिंग आई थी। पोस्टमॉर्टम के दौरान मिले आधार कार्ड से शव की पहचान हुई थी। वहीं, पुलिस की जांच में सामने आया था कि युवती ने पिता की डांट से क्षुब्ध होकर फंदा लगाकर जान दी थी। घबराकर पिता और भाई बाइक से रेखा को पांच किलोमीटर दूर खेत पर फेंक आए थे। पूर्व में जब पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की थी तो उन्होंने युवती को पहचानने से भी इन्कार कर दिया था। बाद में बहन और भाभी ने रेखा की पहचान की थी। ऐसे में परिजनों पर पुलिस का शक गहराया था। हालांकि तहरीर आने के बाद पुलिस हत्या के एंगल पर भी जांच कर रही है।
परिजनों ने हत्या का शक जताते हुए तहरीर दी है। इस एंगल पर भी जांच कराई जा रही है। हर तरह से मामले की जांच कर खुलासा किया जाएगा।
-सौरभ दीक्षित, एसपी
रेखा का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन- फोटो : नई सराय चौकी क्षेत्र में शहबाजपुर चौराहे पर सोमवार की देर रात बिजली ना आने को लेकर प्रदर्शन करते लोग. संवाद
रेखा का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन- फोटो : नई सराय चौकी क्षेत्र में शहबाजपुर चौराहे पर सोमवार की देर रात बिजली ना आने को लेकर प्रदर्शन करते लोग. संवाद