चांदपुर। खुटार थाना क्षेत्र के हंसपुर गांव निवासी 45 वर्षीय राजकुमार की रविवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सोमवार शाम पोस्टमॉर्टम के बाद घर लाए गए शव का परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। उनका कहना है कि उन्हें मुआवजा दिलाया जाए। आरोपी की गिरफ्तारी की जाए, तभी वह शव का अंतिम संस्कार करेंगे।
मृतक राजकुमार की पत्नी फूलमती देवी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि रविवार की शाम पांच बजे पति राजकुमार को गांव के लवदीप सिंह ट्रैक्टर पर बैठाकर गढ़वा खेड़ा थाना सेहरामऊ उत्तरी जिला पीलीभीत ले गए थे। वापसी में पूरनपुर रोड पर लौंगापुर गुरुद्वारे के पास झटका लगने से पति ट्रैक्टर से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। रात करीब 11 बजे उनकी मौत हो गई।
आरोप है कि लवदीप ट्रैक्टर को लापरवाही से चला रहा था। थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। शव का अंतिम संस्कार करने से इन्कार करने की जानकारी नहीं है।
परिजनों ने अनहोनी की जताई आशंका
फूलमती ने बताया कि पति राजकुमार काफी समय से लवदीप के यहां मजदूरी करते थे। न्याय नहीं मिला तो शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। वहीं, परिजनों ने अनहोनी की भी आशंका जताई है। मृतक की एक विवाहित पुत्री और एक बेटा है, जो बाहर मजदूरी करने गया है।
मृतक राजकुमार