जलालाबाद में जलाभिषेक यात्रा में शामिल महिलाएं। संवाद
जलालाबाद। राष्ट्रीय बजरंग दल व भाजपा संगठन के नेतृत्व में रविवार सुबह महिलाओं ने जलाभिषेक यात्रा निकाली। यात्रा का विभिन्न जगहों पर नगर के लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
सुबह करीब आठ बजे नलवाली गली स्थित ठाकुरद्वारा से यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा सदर बाजार, रामताल रोड, बारहपत्थर चौराहे होते हुए कांट क्षेत्र के गांव भैंसटा कलां स्थित सुविख्यात भोलेनाथ मंदिर को रवाना हुई। करीब सात किलोमीटर लंबे मार्ग पर बड़ी संख्या में महिलाओं व बच्चों समेत अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ ही उनके भजनों पर झूमते चल रहे थे। शिवभक्तों ने यह दूरी पैदल पूरी की और मंदिर पहुंचकर भगवान का जलाभिषेक किया। यात्रा में महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष कुसुम शर्मा, राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रांत मंत्री अर्पित भामाशाह समेत बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं। संवाद