निगोही। छह दिन पूर्व हुए हादसे में घायल गांव कुदिरना निवासी 35 वर्षीय फूलवती की बरेली के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। खबर आते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया।
बेटे मंजेश ने बताया कि वह नौ मार्च की शाम करीब पांच बजे बाइक से अपने ननिहाल लखीमपुर खीरी जिले के कस्बा मोहम्मदी से अपनी मां फूलवती और अपने चचेरे भाई आलोक कुमार के साथ बाइक से आ रहे थे। जैसे ही निगोही थाना क्षेत्र के गांव कटैया उस्मानपुर के पास पहुंचे, तभी सामने आई बाइक से उनकी बाइक टकरा गई।
हादसे में बाइक से गिरी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालत में सुधार न होने पर दूसरे दिन मां फूलवती को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुक्रवार को मां की इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया कि हादसे के दौरान उस बाइक का नंबर नोट कर लिया था। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।