फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई रोडवेज बस, तीन माह की बच्ची समेत दो यात्रियों की मौत

Fri, 12 Apr 2024 01:02 PM IST
मुकेश कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहांपुर

सार

शाहजहांपुर के तिलहर में शुक्रवार तड़के हाईवे पर सड़क हादसा हो गया। दिल्ली जा रही सवारियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक महिला और मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। 
विज्ञापन
दुर्घटनाग्रस्त बस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कुशीनगर के पडरौना से दिल्ली जा रही रोडवेज बस शुक्रवार तड़के दिल्ली हाईवे पर तिलहर के पास किनारे खड़े पंक्चर ट्रक से टकरा गई। हादसे में मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र के मंडोरा निवासी अंजूरानी (46) और बदायूं के थाना बिसौली के गांव सुजानपुर निवासी ओमपाल की तीन माह की बेटी पायल की मौत हो गई। परिचालक सहित नौ यात्री घायल हुए हैं।

विज्ञापन


परिवहन निगम की पडरौना डिपो की बस लगभग 25 यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रही थी। तिलहर बाईपास के पास मोहल्ला खनपुरा स्थित रामजानकी मंदिर के समीप शुक्रवार तड़के करीब 4:20 बजे सड़क के किनारे खड़े मक्का से भरे ट्रक में बस पीछे से घुस गई। हादसे में परिचालक की साइड की तरफ बस बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।

आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। बस में फंसे यात्रियों को आपातकाल दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला। बस में आगे की सीट पर बैठी महिला यात्री की मौत हो गई। परिचालक रवि कुमार शर्मा (38) निवासी ग्राम सिदमे थाना रामपोल जिला कुशीनगर, शालू (22) पत्नी ओमपाल निवासी ग्राम सुजानपुर थाना बिसौली, बदायूं व उनकी तीन महीने की बेटी पायल भी बुरी तरह घायल हो गई। बच्ची के दोनों पैर बुरी तरह से जख्मी हो गए। उसकी मां शालू बेटी की हालत देखकर बेहोश हो गई।
विज्ञापन


पीलीभीत में बोले अखिलेश यादव: भाजपा वाले घबराए हुए..., 14 में आए थे और 24 में चले जाएंगे; 10 बड़ी बातें

बस से निकाले गए अन्य यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। दोपहर बाद महिला की पहचान रोहतास की पत्नी अंजूरानी के रूप में हुई। वह कस्तूरबा गांधी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुशीनगर में सहायक अध्यापिका के पद पर कार्यरत थीं। जबकि, उनके पति रोहतास मुजफ्फरनगर के खतौली में कैशियर हैं। अंजूरानी छुट्टी लेकर अकेले ही घर लौट रही थीं। सीओ प्रयांक जैन ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। 

ये भी हुए घायल
घायलों में सिंगामन (32) पुत्र शांति निवासी गांव खजुरिया थाना सरपतहई, महत्तम गुप्ता (45) निवासी ग्राम चारूबेहटा थाना खटीमा जिला उधमसिंह नगर, पप्पू (32), रामकली (36), देवूराम (40), ननकू (28), नत्था देवी (48) शामिल हैं। इन्हें सीएचसी लाया गया। इन्हें तिलहर सीएचसी में प्राथमिक उपचार दिया गया। इनके अलावा अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।

चालक को झपकी आने से हादसे की आशंका
पडरौना से दिल्ली की दूरी करीब नौ सौ किलोमीटर है। बस ने करीब छह सौ किलोमीटर की दूरी शाहजहांपुर तक आने में तय की थी। माना जा रहा है कि लंबी दूरी के सफर में बस चालक को तड़के झपकी आ गई होगी। इस वजह से हादसा हो गया। बताते हैं कि जिस ट्रक से टक्कर हुई, उसका पहिया रात में पंक्चर हो गया था। मक्का की बोरियों से लदा ट्रक सड़क के किनारे ही खड़ा था। पहिये के पास जैक भी लगा था।

तेज धमाके से खुली नींद, लोगों ने शुरू किया बचाव कार्य
हादसा मोहल्ला खनपुरा के पास हुआ था। मोहल्ले के सफीउल्लाह और उनके पुत्र अहसन नबी ने बताया कि वे परिवार के साथ गहरी नींद में सोए हुए थे। सुबह अचानक तेज धमाके की आवाज से घर के सभी लोगों की नींद खुल गई। सभी लोग घर के बाहर निकल आए। मोहल्ले के लोग भी जाग गए थे। बस में यात्रियों को फंसा देखकर सभी लोग बचाव कार्य में लग गए। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर आ गई। एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल भेजा गया।
विज्ञापन

मायके से बेटी व पति के साथ लौट रही थी शालू
खेती करने वाले ओमपाल के परिवार में तीन माह पहले ही खुशियां आई थीं। उनके घर में बेटी का जन्म होने पर पायल नाम रखा था। पत्नी शालू का मायका गोरखपुर में है। बेटी के जन्म के बाद आठ दिन पहले शालू मायके गई थी। वहां से बस से लौटते समय रास्ते में हादसा हो गया। शालू को गंभीर चोट आने के कारण बरेली में भर्ती कराया गया। वहीं पायल की मौत हो गई। ओमपाल के सिर में हल्की चोट आई है। पोस्टमार्टम हाउस पर आए ओमपाल के पिता ब्रजपाल ने बताया कि परिवार में पायल इकलौती बेटी थी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें