निगोही में रोते बिलखते मृतका कुंता के मायक़े वाले ।
- फोटो : SHAHJAHANPUR
निगोही। पिपरिया खुशाली गांव में संदिग्ध हालात में विवाहिता कुंता देवी (28) की मौत हो गई। उसका शव कमरे के कुंडे से फंदे से लटका मिला। मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है।
निगोही थाना क्षेत्र के गांव भुंडी निवासी सीताराम ने अपनी बेटी कुंता की शादी पांच वर्ष पूर्व निगोही के गांव पिपरिया खुशाली निवासी रामचंद्र के पुत्र अजयदेव के साथ की थी। कुंता के भाई अहिबरन के मुताबिक ससुराल वाले दहेज से संतुष्ट नहीं थे और बहन को प्रताड़ित करते थे। पति अजयदेव, सास कलावती, ससुर रामचंद्र, देवर आदि से कुंता बहुत परेशान थी।
अहिबरन का आरोप है कि दहेज के लिए ससुराल के लोगों ने उसकी बहन को गला दबाकर मार दिया और फंदे से लटका दिया। वहीं ससुराल वालों के मुताबिक बृहस्पतिवार को घर में किसी के न होने पर कुंता ने कमरे का दरवाजा बंद कर कुंडे में साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। जब पति व देवर घर आए तो उन्होंने उसे फंदे से लटका देखा।
उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। भाई अहिबरन की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास, ससुर, देवरों समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।