गांव मीरपुर के पास गन्ने के खेत में वन्य पशु का शिकार बछड़ा
- फोटो : POWAYAN
पुवायां। जंगली जानवर ने एक बछड़े को खेत से खींच कर कुछ दूर ले जाने के बाद मार डाला है। बछड़े का शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला है। गांव मीरपुर बलरामपुर निवासी रामदास ने बताया कि बुधवार रात खेत पर मूंगफली की फसल की रखवाली कर रहे थे। तभी एक जंगली जानवर उनके मचान के पास बंधी गाय के बछड़े को उठा ले गया। उन्होंने फोन कर गांव में सूचना दी। ग्रामीण शोर मचाते हुए मौके पर पहुंचे और बछड़े की तलाश की तो कुछ दूर गन्ने के खेत मे बछड़ा मरा पड़ा मिला।
रामदास ने बृहस्पतिवार सुबह वनकर्मियों को सूचना दी। वन विभाग की टीम ने मौका मुआयना किया और पगचिह्न ट्रेस किए। वनकर्मियों ने बताया कि मौके पर मिले पगचिह्न बाघ के नहीं है। अन्य किसी जंगली जानवर के लग रहे हैं। जांच कर पता लगाया जाएगा कि पगचिह्न किस पशु के हैं। ग्रमाीणों को सतर्क रहने के लिए कहा है। सिंधौली रेंज के रेंजर संजीव तिवारी ने बताया कि सूचना पर टीम मौके पर भेजी गई है। जांच कराई जा रही है कि किस वन्य पशु ने बछड़े का शिकार किया है। पगमार्क से स्पष्ट है कि हमलावर पशु बाघ नहीं था।