शाहजहांपुर। वायुदाब में उतार-चढ़ाव के कारण बीते दिन धुंध की चादर छाई रहने से जनजीवन को पहली बार ठिठुरन का अहसास हुआ, लेकिन शुक्रवार को सुबह हवा की गति धीमी पड़ने के साथ ही धुंध छटने से धूप निकली तो सर्दी से बेहाल जनजीवन को काफी राहत मिली। हालांकि, मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि शाम को वायुदाब बढ़ने से शनिवार को मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती तूफान जवाद से उत्पन्न पश्चिमी विक्षोभ के असर से पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में मौसम बिगड़ने का प्रभाव रविवार सुबह से यहां भी देखने को मिल सकता है।
बुधवार की देर रात वायुदाब में गिरावट के कारण रात से हवा चलनी बंद हो गई। इस कारण बीते दिन सुबह से धुंध की गाढ़ी परत ने आसमान ढक लिया। इससे सूरज बादलों की ओट में छिपा रहा और दिन भर धूप नहीं निकली। इस बीच, वायु दाब में वृद्धि होने से हवा चली तो वातावरण में व्याप्त 88 फीसदी आर्द्रता के कारण हवा के ठंडे झोंके शरीर में सिहरन पैदा करने लगे। इस कारण दिन में अधिकतम तापमान भी पांच डिग्री घटकर 23.5 डिग्री सेल्सियस हो गया। रात में भी वायुदाब सामान्य से केवल दो अंक नीचे गया। इस कारण शुक्रवार को सुबह कुछ देर धुंध छाई रहने के बाद गुनगुनी धूप निकली तो सर्दी के तेवर नरम पड़ गए।
मौसम सामान्य रहने के कारण शहर में सड़कों से लेकर बाजारों तक चहल-पहल भी बढ़ गई। गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि रात में आर्द्रता ज्यादा होने के कारण धुंध छाई होने के बावजूद रात में न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री घटकर 15.7 डिग्री रह गया, लेकिन दिन में धूप ने तापमान तीन डिग्री बढ़ा दिया। उनका कहना है कि शाम को वायुदाब में मामूली वृद्धि से शनिवार को मौसम सामान्य बना रहेगा, लेकिन बंगाल की खाड़ी में विकसित हुए चक्रवाती तूफान के असर से रविवार को बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी होने की संभावना है।