रोजाना करवट बदलने वाले मौसम का शनिवार को भी रुख बदला हुआ नजर आया। शनिवार को कभी बादल छाए तो कभी धूप निकल आई। सूरज और बादलों की इस लुकाछुपी के बावजूद लोगों को सर्दी का एहसास कम हुआ, जबकि बादल और रिमझिम फुहार ने लोगों को परेशान किया।
बीते दो दिनों से बारिश होने और बादल छाने की वजह से जहां सर्दी बढ़ गई थी, वहीं शनिवार को मौसम में कुछ बदलाव नजर आया। कुछ देर के लिए धूप निकली तो अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस का उछाल आ गया। इससे लोगों को सर्दी से कुछ राहत मिली। वहीं शुक्रवार की रात में करीब 6.2 मिलीमीटर बारिश हुई। इस वजह से सड़कों पर दिन भर फिसलन बनी रही।
आज भी सकती है बूंदाबांदी
गन्ना शोध परिषद के मौसम विश्लेषक सुरेंद्र सिंह यादव ने कहा कि शुक्रवार को मौसम में बदलाव के लक्षण नहीं दिखाई दिए। इस वजह से शनिवार जैसा ही मौसम रहेगा। रविवार को बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी होने से इंकार नहीं किया जा सकता है।
व्यापारियों ने 40 बंदियों को बांटी जैकेट
उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के कोषाध्यक्ष नीरज गुप्ता के सौजन्य से व्यापारियों ने जिला कारागार में बंद 40 बंदियों को जैकेट वितरित कीं। साथ ही जेलर मनीष कुमार द्वारा बताया कि 100 बंदियों की नजर कमजोर है, इस पर व्यापारियों ने नजर का चश्मा दिलाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह दुआ, जिला महामंत्री नाजिम खां, धर्मपाल रैना, अभिषेक गुप्ता आदि मौजूद रहे।
सर्दी से बचने को जलाए गए अलाव
लोगों को भीषण सर्दी से बचाने के लिए नगर पालिका परिषद की ओर से शहर में विभिन्न स्थानों पर अलाव जलवाए जा रहे हैं। इसके साथ ही विद्या प्लाई एंड बोर्ड की ओर ने शहर में करीब 30 स्थानों पर अलाव जलवाए जा रहे हैं।