शाहजहांपुर। अनुबंधित बस ऑनर्स एसोसिएशन की बैठक में डग्गामार वाहनों पर नियमित कार्रवाई नहीं होने पर रोष जताया गया। इस बीच नए साल के पहले दिन एक घंटे तक अनुबंधित बसों की हड़ताल कर संचालन न करने का निर्णय लिया गया। साथ ही मार्गों के वीडियो बनाकर उच्च अधिकारियों को डग्गामारी के सुबूत दिखाने पर भी सहमति बनी।
बस मालिकों ने कहा कि सीएम के आदेश के बाद भी अवैध स्टैंड नहीं हटाए जा रहे हैं। पुलिस वसूली करने की वजह से इन्हें संरक्षण देती है। वहीं, सिपाहियों के खुद के अवैध वाहन चल रहे हैं। आरोप है कि इको, टाटा मैजिक वाहन से थाना वार वसूली चल रही है। इसकी जांच कराने पर सत्यता सामने आ जाएगी।
यूनियन के महासचिव निर्मेश शर्मा ने कहा कि डग्गामार वाहनों की चेकिंग के नाम पर खानापूरी की गई। चेकिंग में 35 गाड़ियों को सीज कर दिया, जबकि नियमित चेकिंग की रूपरेखा नहीं बनाई गई। स्थायी समाधान के लिए यूनियन की ओर से मार्गों की वीडियोग्राफी कराकर परिवहन आयुक्त, सचिव, प्रमुख सचिव और सीएम से भेंटकर दिखाई जाएगी। वाहनों को सरेंडर नहीं करने के कारण एआरटीओ कार्यालय में धरना-प्रदर्शन करेंगे। बैठक में आलोक यादव, निशांत सिंह चौहा, पपेंदर सिंह, मुनेश, गौरव, अक्षय आदि मौजूद रहे।