शाहजहांपुर। बारिश का दौर थमा होने के साथ बांधा और बैराजों से रिलीज होने वाले पानी की मात्रा घटने से चौथे दिन रविवार को भैंसार बांध पर गंगा 15 सेमी घटकर 142.20 मीटर पर आ गई। उधर, बरेली के चौबारी घाट से लेकर जनपद के परौर क्षेत्र तक रामगंगा भी बीते 24 घंटे में चार सेमी सिमटकर अपने पेटे में आ रही है।
शहर के समीप खन्नौत नदी में भी दस सेमी पानी कम हो गया, लेकिन गर्रा का जलस्तर 20 सेमी बढ़कर 146.70 मीटर हो गया है। सिंचाई विभाग के तार बाबू गिरिजा किशोर मिश्र ने बाढ़ नियंत्रण कक्ष के हवाले से बताया कि रविवार को सभी बांधों और बैराजों से पानी का निकास लगभग 27 हजार क्यूसेक कम हो गया है और इसे देखते नदियों के जलस्तर में गिरावट का दौर आगे भी जारी रहेगा।
रविवार को चौथे दिन भी सुबह से खिली तेज धूप के कारण उमस भरी गर्मी का प्रकोप बढ़ गया। इस वजह से थर्मामीटर का पारा भी दोपहर दो बजे तक एक डिग्री उछलकर 35.5 डिग्री सेल्सियस हो गया। गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार मानसूनी बादल लगातार दबाव बना रहे हैं, लेकिन हवा के कम दबाव का क्षेत्र विकसित नहीं होने से चल रही हवा बारिश की संभावनाएं क्षीण कर रही है। उनका कहना है कि सोमवार को भी बादल छाए रहने के बावजूद मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान शाम को हवा का वेग कम होने पर मामूली बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन बुधवार से पहले तेज बारिश होने की कोई संभावना नहीं दिख रही है।