फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बारिश के बाद अब उमस ने किया बेहाल

विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। बारिश के बाद शनिवार को निकली तेज धूप और और उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। उधर, बारिश थमने के के 36 घंटे बाद भी गंगा, रामगंगा ,गर्रा और खन्नौत के जलस्तर में शनिवार को भी वृद्धि जारी रही।
विज्ञापन

शुक्रवार शाम से बादल छाने शुरू हुए तो रात में उमस पैदा होने से न्यूनतम तापमान करीब 2.6 डिग्री बढ़कर 26.8 डिग्री सेल्सियस हो गया। रात में हवा के कम दबाव का क्षेत्र बना होने से शनिवार को सुबह से बारिश होने के आसार बने, लेकिन सुबह छह बजे से बैरोमीटर की रीडिंग उछलने लगी। हवा के झोंके तेज हुए तो बादल तितर-बितर होने लगे और आसमान साफ होने से सूर्योदय होते ही वातावरण में धूप की गरमाहट पसरने लगी। सुबह आर्द्रता 83 फीसदी होने से ठंडी हवा एक-दो घंटे तक सुकून देती रही, लेकिन बाद में जैसे-जैसे सूरज चढ़ा, धूप में गरमी बढ़ने के साथ हवा भी गर्म होने लगी।
दोपहर दो बजे गरमी चरम पर पहुंची तो दिन में अधिकतम तापमान भी 0.5 डिग्री बढ़कर 35.2 डिग्री सेल्सियस हो गया और आर्द्रता घटकर 55 प्रतिशत रह गई। साप्ताहिक बंदी के कारण सभी बाजार बंद रहने से अधिकांश लोगों ने गर्मी और उमस से बचने के लिए दोपहर का वक्त घरों में रहकर बिताया। गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार दो दिन से निकल रही तेज धूप के कारण वातावरण में आर्द्रता का स्तर कम हो रहा है और इसीलिए हवा गर्म होकर उमस पैदा कर रही है। उन्होंने बताया कि शाम तक वायुदाब सामान्य से 28 अंक अधिक बना रहा और इसमें कोई परिवर्तन नहीं होने की दशा मेें रविवार को भी मौसम साफ रहने और धूप निकलने पर गर्मी का प्रकोप बढ़ने के आसार हैं।
विज्ञापन

गंगा-रामगंगा दस सेमी और गर्रा-खन्नौत 45 सेमी बढ़ीं
सिंचाई विभाग के बाढ़ नियंत्रण कक्ष को उत्तराखंड और पश्चिमी उप्र के बांधों-बैराजों से शनिवार सुबह मिली सूचनाओं के अनुसार नरौरा से गंगा में 77819 क्यूसेक पानी निकल रहा है, जो बीते दिन से करीब 14 हजार क्यूसेक कम है, लेकिन बदायूं से पानी सिमटकर जिले की सीमा में आने के कारण कलान क्षेत्र के भैंसार बांध पर गंगा का जलस्तर दस सेमी बढ़कर 142.35 मीटर हो गया है। बरेली के चौबारी घाट से लेकर परौर क्षेत्र तक रामगंगा भी 11 सेमी बढ़ गई है, जबकि अन्य बैराजों से रामगंगा में एक दिन पहले की तुलना में लगभग 11 हजार क्यूसेक पानी कम निकल रहा है। बताया गया कि ड्यूनी डाम से गर्रा में बीते दिन की तुलना में करीब पांच हजार क्यूसेक पानी की निकासी कम हुई है, लेकिन बीते दिन रिलीज पानी आज यहां पहुंचने पर गर्रा 45 सेमी बढ़कर 146.50 मीटर हो गया है। खन्नौत भी लगातार तीसरे दिन 45 सेमी बढ़ने से उसका जलस्तर 143.90 मीटर हो गया है। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता अनूप कुमार के अनुसार जनपद की सभी नदियां अभी अपने पेटे में बह रही हैं और उनमें बाढ़ जैसी स्थिति नहीं होने से सभी तटवर्ती गांव भी सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि बारिश थम जाने और बांधों-बैराजों से निकल रहे पानी की मात्रा कम हो जाने के कारण रविवार से नदियों का जलस्तर कम होने लगेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें