अगस्त 2023 में मीरानपुर कटरा निवासी दानिश हुसैन की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपाेर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित रखा गया। विसरा जांच रिपोर्ट पुलिस को मिल गई है, जिसमें जहर देकर हत्या की पुष्टि हुई है।
शाहजहांपुर के मीरानपुर थाना क्षेत्र के मिल्कीपुर खैरपुर निवासी दानिश हुसैन की जहर दकर हत्या की गई थी। पुलिस को विसरा रिपोर्ट मिलने के बाद इसकी पुष्टि हो गई है। दूसरी ओर पीड़ित परिवार ने वांछित आरोपियों की नौ महीने बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने पर आईजी व एसपी से पत्राचार किया है।
विज्ञापन
पांच अगस्त 2023 को दानिश हुसैन को रंजिशन कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ दिया गया था। बरेली के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने मृतक के भाई तालिब की तहरीर पर ग्राम मिल्कीपुर खैरपुर के पूर्व प्रधान ताहिर कुरैशी, शफायत उल्ला मंसूरी, फिरासत, रियासत व रोजा थाना क्षेत्र के गांव हथौड़ा निवासी रफी के खिलाफ आईपीसी की धारा 328 व 304 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। तब मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित रखा गया था।
पुलिस को विसरा रिपोर्ट प्राप्त हो गई। इसमें दानिश हुसैन की मौत जहर से होने की पुष्टि हुई। इसके बावजूद पुलिस ने अब तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। मृतक के भाई तालिब हुसैन, पत्नी राबिया बेगम ने आईजी जोन व एसपी को प्रार्थना पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
सीओ तिलहर प्रयांक जैन ने बताया कि दानिश हुसैन के विसरा रिपोर्ट में जहरीला पदार्थ खाने से मौत होने की पुष्टि हुई है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।