निगोही (शाहजहांपुर)। मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग केे बंद किए जाने के विरोध में शनिवार को भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों ने साथ निगोही-जिंदपुरा के बीच रेलवे लाइन पर बैठकर प्रदर्शन किया। इसके साथ ही चक सपौरा हाल्ट के पास भी धरना प्रदर्शन किया गया। सुबह आठ बजे शुरू हुआ धरना-प्रदर्शन डीआरएम पूर्वोत्तर रेलवे के आश्वासन पर शाम चार बजे के बाद समाप्त हुआ। इस दौरान रेलवे मार्ग पूरी तरह से बंद रहा।
शाहजहांपुर-पीलीभीत के बीच ब्राडगेज लाइन डालने का काम पूरा हो चुका है। अब इस लाइन पर ट्रेन दौड़ने की तैयारी है, लेकिन रेल लाइन के रूट पर पड़ने वाली उन मानव रहित क्रॉसिंग को बंद कर दिया गया है, जहां से तमाम गांवों के लोगों का आवागमन रहता है। रेलवे की ओर से मानव रहित क्रॉसिंग को बंद करने का काफी समय से विरोध हो रहा है, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा था। इस पर भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की ओर से धरना प्रदर्शन आह्वान किया गया और शनिवार को बड़ी संख्या में किसान निगोही-जिंदपुरा के बीच रेलवे लाइन पर पहुंच गए। जहां मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पर अंडर पास बनाए जाने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी तरह से चक सपौरा हाल्ट पर भी धरना-प्रदर्शन किया गया। सूचना मिलने पर सीओ सदर महेंद्र सिंह, एसडीएम तिलहर वेद सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और धरना-प्रदर्शन कर रहे भाकियू पदाधिकारियों व ग्रामीणों से बातचीत की। इसी बीच विधायक रोशन लाल वर्मा भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने गांव वालों की मांग का समर्थन किया। इसके साथ ही रेलवे के उच्चाधिकारियों से बातचीत की गई। शाम को बरेली से डीआरएम पूर्वोत्तर रेलवे आशुतोष पंत धरना स्थल पर पहुंचे और धरना देने वालों से बातचीत की तथा ग्रामीणों को निकलने की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। तब जाकर भाकियू पदाधिकारी व ग्रामीण माने। इसके बाद डीआरएम आशुतोष पंत, विधायक रोशन लाल वर्मा, एसडीएम वेद सिंह चौहान व सीओ सदर महेंद्र सिंह चक सपौरा हाल्ट पहुंचे और वहां पर धरना देने वाले ग्रामीणों को समझाया तथा उनकी समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। जिस पर ग्रामीणों ने एक सप्ताह में समाधान न होने पर दोबारा धरना प्रदर्शन शुरू करने की चेतावनी दी गई।
इन गांव वालों का रास्ता हुआ बंद
चक सपौरा हाल्ट के निकट गेट सी-41 मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग बंद होने से तालगांव, लोहरगवां, सपौरा सहित पांच दर्जन गांवों के लोगों का रास्ता बंद हो गया। वहीं निगोही नगर पंचायत, गांव इनायतपुर, हरकिशनपुर, रूपपुर, घटना, खिरिया पूर्वी, पश्चिमी मरेना, मन्नियां सहित एक दर्जन से अधिक ग्रामों लोगों का गेट सी-51 से आवागमन रहता है। जिनको रास्ता बंद होने से काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।