सेहरामऊ दक्षिणी। क्षेत्र के डिंगुरपुर गांव निवासी होरीलाल (45) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मंगलवार सुबह उनका शव घर से करीब 500 मीटर दूर ट्यूबवेल के पास आम के पेड़ से लटका मिला। गले में तहमद का फंदा पड़ा था।
परिजनों के अनुसार होरीलाल नशे का आदी था। वह अक्सर घर से इधर-उधर निकल जाता था, जिस कारण परिजन उसकी निगरानी करते थे। नशा करने से रोकने पर वह नाराज हो जाता था। सोमवार शाम भी नशा करने को लेकर उसकी परिजनों से कहासुनी हुई थी। इसके बाद वह रात में किसी समय घर से निकल गया।
मंगलवार सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने पवन कुमार के खेत में ट्यूबवेल के पास आम के पेड़ से उसका शव लटका देखा। शव देखते ही पत्नी पुष्पा देवी, बेटे अवनीश, जीतू और बेटी नीता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।