खुटार (शाहजहांपुर)। गांव लुकटहा में मायके वालों ने विवाहिता के ससुर जगदीश (55) की लाठियों से पीटकर हत्या कर दी। विवाहिता का पति, देवर और सास भी घायल हो गए। पुलिस ने तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
लुकटहा निवासी जगदीश के पुत्र दीवाना की शादी गांव में ही रहने वाले किशोरीलाल की पुत्री रिंकी से हुई है। शुक्रवार रात खाना खाते समय रिंकी का अपनी ननद वीरमति से पानी मांगने को लेकर झगड़ा हो गया। इस दौरान मारपीट भी हुई। इसकी जानकारी किसी ने रिंकी के मायके वालों को दे दी। इस पर रिंकी के पिता किशोरीलाल अपने साढ़ू दशरथ लाल, मदनलाल और दूसरे दामाद मुकेश कुमार के साथ लाठी, डंडे लेकर जगदीश के घर जा पहुंचे।
गाली गलौज करने लगे। जगदीश के विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें लाठी-डंडे से पीटना शुरू कर दिया। बचाने आए जगदीश के पुत्र दीवाना, वीरपाल और पत्नी प्रेमवती को भी बुरी तरह पीटा। शोर सुनकर गांव के लोग आए और बीच-बचाव करने लगे तो आरोपी पक्ष के लोग जान से मार देने की धमकी देते चले गए।
सूचना पाकर पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची और घायलों को खुटार सीएचसी भिजवाया। डॉक्टर ने जगदीश को मृत घोषित कर दिया और दीवाना, वीरपाल, प्रेमवती को भर्ती कर लिया। जगदीश का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने जगदीश की पत्नी प्रेमवती की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण सिर पर चोट बताई जा रही है। सीओ बीएस वीरकुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
शव लेने का परिजन ने किया विरोध, सीओ के समझाने पर माने
लुकटहा में जगदीश की मौत के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया। इस पर जगदीश के परिजन शव ले जाने का विरोध करने लगे। उनका कहना था कि रिपोर्ट दर्ज होने और गिरफ्तारी के बाद ही शव ले जाने देंगे। जानकारी पाकर सीओ बीएस वीरकुमार पहुंचे और जगदीश के परिजन को समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जगदीश की पुत्री वीरमती का आरोप है कि पिता का शव ले जाने को मना किया तो पुलिस ने उनके साथ अभद्रता की है।
इलाज को करना पड़ा इंतजार
घायल सीएचसी पहुंचे तो वहां स्टाफ नहीं था। काफी देर इंतजार के बाद प्रभारी डॉ. संदीव वर्मा मौके पर पहुंचे और घायलों का उपचार किया।
गांव लुकटहा में जगदीश के घर के बाहर लगी भीड़- फोटो : POWAYAN