शाहजहांपुर के कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करते विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। शहर में एक धर्मस्थल में हो रहे निर्माण कार्य को नियम विरुद्ध बताते हुए विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। शिष्टमंडल विहिप के जिला मंत्री राजेश अवस्थी के नेतृत्व में डीएम इंद्र विक्रम सिंह से मिला। विहिप नेता ने उन्हें ज्ञापन देकर कई स्थानों पर धर्मस्थलों के पूर्व निर्मित भवनों के पास गलत तरीके से कराए जा रहे अन्य निर्माण कार्यों की जांच कराकर उन पर रोक लगाने और संबंधितों पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा है कि लाल इमली चौराहा-आवास विकास मार्ग पर विजय बैंक के पास एक धर्मस्थल में अवैध निर्माण जारी है। लॉकडाउन के दौरान सदर चौराहा-टाउनहाल मार्ग पर एक धर्मस्थल का दो मंजिला भवन बना लिया गया। लोहारों वाले चौराहे के पास एक धर्मस्थल का मुख्य मार्ग पर गेट बनाकर उसे ईंटों से बंद किया है, लेकिन उसे खोलने पर जाम की स्थिति पैदा हो जाएगी।
चारखंभा-केरूगंज मार्ग, मोहल्ला मदराखेल में पुरानी रेलवे लाइन के पास, रोजा में आईटीआई मार्ग के पास हाल ही में कराए निर्माण कार्य को भी अवैध ठहराया है। प्रदर्शन में हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष दुर्गेश मिश्रा, महानगर अध्यक्ष अनुज मिश्रा, बजरंग दल के महानगर संयोजक हरीश प्रजापति, धीरेंद्र मिश्रा, अश्नील सिंह, रवि प्रजापति, शिवम चित्रांश, ऋषिराज मिश्रा, सोनू प्रजापति, उत्कर्ष मौर्य, भीम प्रताप गौतम, मृदुल शुक्ला आदि शामिल रहे।